Live India24x7

युवक को बाइक सवार लड़के-लड़की ने मारी गोली:बीच सड़क पर गाली-गलौज के बाद किया फायर, गोली जबड़े के अंदर फंसी

जयपुर में बाइक सवार लड़का-लड़की ने एक युवक को गोली मार दी। गाली-गलौज के बाद पिस्तौल से उसके जबड़े में शूट कर दिया। फिर दोनों फरार हो गए। घायल युवक को SMS हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। मामले में सांगानेर सदर थाना पुलिस ने सोमवार को हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया। पुलिस फायरिंग कर भागे लड़के-लड़की की तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मोजमाबाद (जयपुर) निवासी मोहन गुर्जर (22) पुत्र नन्दाराम को गोली मारी गई है। 31 मार्च को मोहन अपने दादा के साथ भेड़ों को छोड़ने बालावाला गांव आया था। 1 अप्रैल को मोहन अपने साथी सेठालाल के साथ बाइक से घर का सामान लेने गया था। रात करीब 8:30 बजे खरीदारी कर दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। लाखना गांव की तरफ आधा किलोमीटर दूर दोनों ने बाइक रोकी। मोहन मोबाइल पर बात करने लगा तो सेठालाल कुछ दूरी पर टायलेट करने चला गया। तभी पीछे से एक बाइक पर 25 वर्षीय लड़का और जींस-टीशर्ट में 22 साल की लड़की आए। बाइक को पीछे रोककर बोले तुम लोग यहां क्या कर रहे हो? जबाव दिया कि पास में ही हमारी भेड़े हैं।

गाली-गलौज के बाद गोली मारकर भागे लड़का-लड़की
बाइक सवार लड़का-लड़की ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। लड़के ने खुद को पंडित बताया। साथ ही बताय ये प्रोपर्टी उसकी है। फिर गाली-गलौज करने लगे। तभी लड़के ने अपनी कमर से पिस्तौल निकालकर तान दी। जान से मारने के लिए पिस्तौल से फायर कर दिया। मोहन के जबड़े में गोली लगने से वह लहूलुहान हालत में नीचे गिर पड़ा।

फायरिंग की आवाज सुनकर साथी सेठालाल भागकर आया। बाइक सवार लड़का-लड़की तेजी से कच्चे रास्तों में होकर फरार हो गए। साथी सेठालाल ने लहूलुहान हालत में मोहन को मदरामपुरा स्थित बागड़ा हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। हालत गंभीर होने पर उसे SMS हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। SMS हॉस्पिटल में घायल मोहन का इलाज चल रहा है। मेडिकल सूचना पर पहुंची पुलिस ने पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज कर हमलावर लड़का-लड़की की तलाश शुरू कर दी है।

जबड़े में गोली फंसने से हुआ ऑपरेशन
जांच अधिकारी SI धीरेन्द्र सिंह ने बताया- हॉस्पिटल में मिली लिखित शिकायत पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। मोहन के जबड़े में गोली फंस गई थी। इसके चलते उसका ऑपरेशन हुआ है। बोलने की स्थिति में होने पर उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस टीम गोली मारने वाले लड़का-लड़की की भी तलाश में जुटी है।

liveindia24x7
Author: liveindia24x7