Live India24x7

Search
Close this search box.

अनजान को देख रो पड़ती है 3साल की रेप विक्टिम:पिता बोले- रेपिस्ट को ऐसी सजा मिले कि फिर किसी की बेटी के साथ ऐसा न हो

बेटी क्या खाना है, बोलो। मोबाइल में कार्टून देखना है, मत रो…चुप हो जा, जल्दी ठीक हो जाएगी… ये बातें एक पिता अपनी तीन साल की बेटी से कह रहा है। मासूम रेप की घटना के बाद से सदमे में है। उसका मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है। वो किसी अनजान व्यक्ति को देखती है तो रो पड़ती है। बच्ची के पिता ने आरोपी को फांसी देने की मांग की है।

घटना 21 मार्च की जबलपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर शहपुरा थाना क्षेत्र की है। घटना को लेकर कांग्रेस दो दिन से उग्र आंदोलन कर रही है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के भी शामिल होने की सूचना है। जानकारी के अनुसार आज यानी शुक्रवार को बच्ची की हालत में सुधार नहीं होता है तो उसे सरकारी से प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा।

आरोपी का वीडियो आया सामने, 10 हजार का इनाम घोषित

दुष्कर्म के संदिग्ध आरोपी का एक वीडियो सामने आया है। वो सफेद शर्ट और सफेद पेंट में जाते हुए दिखाई दे रहा है। वो लड़खड़ाता हुआ चल रहा है। उसके हाथ में काले कलर की एक पॉलिथीन भी है। 11 सेकेंड का ये वीडियो एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। आरोपी पर एसपी ने 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है।

वारदात के लिए जाता हुआ आरोपी CCTV में कैद हुआ है। एसपी ने इस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
वारदात के लिए जाता हुआ आरोपी CCTV में कैद हुआ है। एसपी ने इस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।

बच्ची के पिता से जानिए मासूम के हाल…

मंगलवार की रात मैं अपनी पत्नी, बड़े बेटे और बेटी के साथ रात साढ़े 11 बजे सो गया था। रात करीब ढाई बजे मेरी पत्नी उठी तो बच्ची वहां नहीं थी। उसने मुझे जगाया। हमने घर और आसपास तलाश किया, लेकिन बेटी नहीं मिली। हमारे साथ ही मामा का बेटा रहता है, उसके साथ गांव में भी ढूंढा, लेकिन कुछ पता नहीं चला। हम बहुत घबरा गए। मैंने अपने मालिक विश्वनाथ राजपूत को फोन किया। वे तुरंत बाइक से गांव आ गए। थोड़ी देर में गांव के लोग इक्ट्ठा हो गए।

बेटी को तलाशने में सुबह हो गई। हमने खेतों में ढूंढना शुरू किया। गन्ने के खेत में जाकर देखा तो एक मफलर और चप्पल मिली। मेरा पूरा परिवार और गांव के लोग बेटी को तलाश रहे थे। इतने में मेरी पत्नी की चीख सुनाई दी। मैं उसके पास पहुंचा तो देखा तो बेटी सामने थी। बच्ची को जिंदा देखकर मैंने राहत की सांस ली। मैं दौड़कर उसके पास गया और गले लगा लिया। उसे उठाया तो उसकी फ्रॉक में खून लगा हुआ मिला। हमें आभास हो गया कि बेटी के साथ कुछ गलत हुआ है। बच्ची को लेकर सीधे थाने पहुंचे। थाने में विधायक भी पहुंच गए थे।

पाटन थाने से महिला अधिकारी आने के बाद बेटी को शहपुरा अस्पताल ले गए। यहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने एल्गिन अस्पताल जाने के लिए कहा। बेटी को जबलपुर मेडिकल कॉलेज में अलग कमरे में रखा गया है। उसके साथ कमरे में मेरे अलावा पत्नी और मां है। बेटी को इतनी तकलीफ में नहीं देख पा रहे हैं।

वह बैठे-बैठे रोने लगती है। किसी भी अनजान को देखकर डर जाती है। कमरे के बाहर रात भर पुलिस जवान रहते हैं। दिन में महिला पुलिस अधिकारी आकर बच्ची से बात करते हैं। आरोपी अभी भी फरार है। उसे ऐसी सजा मिले कि किसी की बेटी के साथ ऐसा ना कर सके। उसे फांसी ही मिलनी चाहिए।

आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। गुस्साए ग्रामीणों ने घटना को लेकर थाने घेराव किया था।
आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। गुस्साए ग्रामीणों ने घटना को लेकर थाने घेराव किया था।

सीएम को पुतला फूंका, थाने का घेराव किया

जबलपुर शहर में कांग्रेस ने बुधवार शाम को सीएम का पुतला फूंका। गुरुवार को कांग्रेस ने शहपुरा बंद रखा। थाने का घेराव करते हुए थाना प्रभारी को हटाने की मांग की। इसके बाद थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया गया। बुधवार को एनएसयूआई ने भी एसपी ऑफिस का घेराव करते हुए सीएम का पुतला फूंका। घटना को लेकर कमलनाथ के निर्देश पर पूर्व मंत्री ओमकार सिंह मरकाम भी बुधवार को जबलपुर पहुंचे। उन्होंने बच्ची के परिजन से मुलाकात की।

विधायक बोले- बच्ची का इलाज मैं कराऊंगा

बरगी विधानसभा से कांग्रेस विधायक संजय यादव ने कहा- दुर्भाग्य की बात है। आदिवासी बाहुल्य इलाके में मासूम बच्चों के साथ रेप की ऐसी घटना हो रही है। पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। शहपुरा में यह तीसरी घटना है जब किसी आदिवासी बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है। विधायक ने कहा, इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद राज्य सरकार की ओर से बच्ची के परिवार वालों की किसी भी तरह से मदद नहीं की गई है। अगर 2 दिन में बच्ची की हालत में सुधार नहीं होता है तो मैं अपने खर्चे से प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवा कर इलाज कराऊंगा।

पूर्व मंत्री ओमकार सिंह मरकाम के साथ विधायक संजय यादव, पूर्व विधायक नीलेश अवस्थी ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात।
पूर्व मंत्री ओमकार सिंह मरकाम के साथ विधायक संजय यादव, पूर्व विधायक नीलेश अवस्थी ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात।

आरोपी फरार, पुलिस के हाथ खाली

बच्ची के साथ घटना को तकरीबन 50 घंटे से ज्यादा बीत चुके हैं। आरोपी अभी भी फरार है। हालांकि, पुलिस को घटनास्थल से एक मफलर और चप्पल के साथ शराब की बोतल मिली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला का कहना है कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें…

3 साल की बच्ची के साथ हुआ दुष्कर्म, आरोपी को फांसी देने की उठी मांग

3 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले को लेकर राज्य सरकार को कांग्रेस ने घेरने की तैयारी शुरू कर दी है। स्थानीय विधायक संजय यादव ने जहां राज्य सरकार और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं तो वही मध्यप्रदेश कांग्रेस महासचिव सौरव शर्मा के नेतृत्व में जबलपुर की रसल चौक पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला फूंका गया। पूरी खबर पढ़िए

10 से 12 कार्यकर्ताओं की NSUI जुटा पाया भीड़; 3 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला

जबलपुर के शहपुरा में 3 साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में आज एनएसयूआई ने सीएम का पुतला दहन किया। इस दौरान छात्र संगठन ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि विरोध प्रदर्शन में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की भीड़ ही नहीं जुटा पाया। जिसके कारण मात्र 10 से 12 कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हो सके। पूरी खबर पढ़िए

पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय का किया घेराव; 50 से ज्यादा कार्यकर्ता हुए गिरफ्तार

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन एनएसयूआई द्वारा जबलपुर के शहपुरा क्षेत्र में मासूम आदिवासी बच्ची के साथ बलात्कार की घटना और जबलपुर में बढ़ते अपराधों के ख़िलाफ़ पुलिस अधीक्षक को हटाने की मांग को लेकर पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय का घेराव किया गया।

liveindia24x7
Author: liveindia24x7

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज