Live India24x7

अजमेर में रिटायर्ड महिला अधिकारी से ऑनलाइन ठगी:हरिद्वार में इलाज के लिए रूम बुक करवाना पड़ा भारी, ठगों ने 29 हजार किए विड्रॉल

अजमेर में एलआईसी से रिटायर्ड महिला अधिकारी के साथ ऑनलाइन ठगी की वारदात सामने आई है। महिला को हरिद्वार में इलाज करवाने के लिए रूम बुक करवाना भारी पड़ गया। साइबर ठगों के द्वारा महिला के अकाउंट से विभिन्न ट्रांजैक्शन के जरिए 29 हजार 671 रूपए विड्रॉल कर लिए गए। महिला ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम और क्रिश्चियन गंज थाने में दी है। पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस के अनुसार माकड़वाली रोड निवासी 63 वर्षीय महिला ने थाने पर शिकायत देकर बताया कि 7 मार्च 2023 को महिला के द्वारा पतंजलि वैलनेस हरिद्वार में इलाज के लिए रूम बुक करवाने को लेकर ग्राहक सेवा केंद्र में संपर्क किया था। इस दौरान साइबर क्राइम में लिप्त एक व्यक्ति से उसका संपर्क हुआ जिसने अपना नाम रमेश बताया और रूम बुक करने के लिए अमाउंट जमा करने के लिए कहा गया। इसके बाद महिला ने अपने गूगल पे अकाउंट के जरिए 29 हजार 999 रुपए का पेमेंट अज्ञात व्यक्ति को कर दिया।

महिला ने बताया कि जब उसने रूम से संबंधित जानकारी व्यक्ति से लेना चाही तो उसने अपना नंबर बंद कर दिया। उसे शक हुआ कि उसके साथ ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया है। महिला ने तुरंत इसकी शिकायत अपने संबंधित बैंक को देने के साथ ही साइबर क्राइम में दर्ज करवाई।

इसके बाद महिला के लेन-देन पर रोक लगा दी गई। महिला ने इसके बाद क्रिश्चियन गंज थाने में शिकायत देकर बताया कि उसके साथ करीब 29 हजार 671 रुपए की धोखाधड़ी की गई है। पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

liveindia24x7
Author: liveindia24x7