ऐशबाग थाना क्षेत्र में सोनिया पुलिया के पास अचानक हुए दनादन तीन फायर से इलाके में दहशत फैल गई। ये फायर एक एसी मैकेनिक ने अपने दोस्तों के पक्ष में जाकर एक कारपेंटर पर किए थे। ऐशबाग पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जो आपस में भाई हैं। पुलिस को फायर करने वाले की फिलहाल तलाश है। इस मामले में हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया गया है। एसआई अभिमन्यु सिंह ने बताया कि इस मामले में सोनिया गांधी कॉलोनी के पास रहने वाले आफताब की शिकायत पर दर्ज की गई है। आफताब एक कारपेंटर है। उसका बेकरी की दुकान चलाने वाले भाइयों फैसल और अरबाज से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है।
इस बात पर दोनों पक्षों में एक दिन पहले बहस भी हुई थी। बात इतनी बढ़ी कि दोनों भाइयों ने इस बारे में अपने दोस्त गुरान को बताया। गुरान एसी मैकेनिक है। गुरुवार रात करीब दस बजे आफताब सोनिया गांधी कॉलोनी स्थित पुलिया के पास खड़ा था। तभी तीनों आरोपी वहां आए और गुरान ने अचानक दनादन तीन फायर कर दिए। गोली की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई। गनीमत ये रही कि गोली आफताब को नहीं लगी। पुलिस ने इस मामले में हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल गुरान की तलाश जारी है।

Author: liveindia24x7



