अपनी कार्यप्रणाली को लेकर सुर्खियों में रहने वाले डिंडौरी कलेक्टर विकास मिश्रा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सोमवार देर शाम अचानक कलेक्टर शादी के तैयारी में लगे दुल्हनों के घर पहुंच गए। बेटियों के पैर छूकर उन्हें हाथ घड़ी गिफ्ट की। दुल्हन के घर वालों से शादी की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। कोई समस्या होने पर फोन लगाने की जानकारी देने की बात कही।
शहर के पुलिस ग्राउंड में 328 जोड़ों का कन्यादान योजना के तहत विवाह कराया जा रहा है। इसमें डिंडौरी नगर परिषद, डिंडौरी जनपद क्षेत्र, अमरपुर जनपद, समनापुर जनपद, बजाग जनपद और करंजिया जनपद के लगभग 328 जोड़ों का विवाह होगा। दोपहर में दूल्हे और परिजनों ने गायत्री मंदिर पहुंचे। यहां से 328 दूल्हे बारातियों के साथ पैदल रवाना हुए। बारात पुलिस ग्राउंड पहुंची।
कई जगह हुआ स्वागत
गायत्री मंदिर से 328 दूल्हाें की बारात का नगर में कई जगह स्वागत किया गया। पुलिस ग्राउंड में बारात पहुंचने पर डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम ने दूल्हों उनकी तरफ से आए कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष राम लाल रौतेल का तिलक लगाकर स्वागत किया। बारात में जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, हीरा रुद्रेश परस्ते पूर्व विधायक दुलीचन्द उरैती, भाजपा जिला अध्यक्ष अवधराज बिलैया सहित हजारों लोग शामिल थे। कलेक्टर विकास मिश्रा ने बारात की व्यवस्था संभाल रखी थी।
पुलिस ग्राउंड में निभाई शादी की रस्में
जिला प्रशासन द्वारा पुलिस ग्राउंड में आयोजित मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत लगभग 328 जोड़ों के विवाह की रश्मे निभाई गई। इन जोड़ो में दो मुस्लिम समाज के हैं। पंडित, मौलाना, गोंड समाज के पंडा विवाह कराया।
ये हैं मौजूद
मंच पर पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, पंकज तेकाम, नरेंद्र राजपूत, राजेन्द्र पाठक,सुशीला मार्को, स्नेहलता ठाकुर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अंजू ब्यौहार, जय सिंह मरावी, सपना जैन सहित कई प्रतिनिधि मौजूद हैं। इससे पहले पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति प्रकाश धुर्वे ने कृषि विज्ञान केंद्र पहुंचकर दुल्हनों की तैयारियों का जायजा लिया।
पुलिस ग्राउंड में ही मंडप सजाया गया है, जहां विवाह कराया जाना है। दुल्हनों के दिया जाने वाला सामान भी वहीं रखा गया है, सबके भोजन की व्यवस्था की गई है। दुल्हनों को तैयार होने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र का परिसर सुरक्षित किया गया है।
दुल्हनों के घरवाले बोले- कलेक्टर साहब आए, तो हमे अच्छा लगा
कलेक्टर को अपने बीच पाकर नव दुल्हन और घरवाले भी खुश नजर आए। नगरीय क्षेत्र में जब देर शाम कलेक्टर विकास मिश्रा वार्ड क्रमांक 7 में नव दुल्हन कौशल्या चक्रवर्ती के घर पहुंचे, उनके पैर छूकर घड़ी गिफ्ट दिए, तो घरवालों के खुशी का ठिकाना नहीं रहा। दुल्हन के पिता का कहना है कि पहली बार कोई बड़ा अधिकारी आकर हमसे हाल चाल पूछ रहा है, हम सब खुश है। कलेक्टर ने हमसे तैयारियों के बारे में जानकारी ली है।