Live India24x7

Search
Close this search box.

कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिलेगा:भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए साय बनाए जाएंगे सीएसआईडीसी अध्यक्ष

पिछले सप्ताह भाजपा से कांग्रेस में आए दिग्गज आदिवासी नेता नंदकुमार साय को छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (सीएसआईडीसी) का अध्यक्ष बनाया जा रहा है। साय को अध्यक्ष की कुर्सी के साथ ही कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी दिया जाएगा। भूपेश सरकार साय के जरिए आदिवासियों को साधने का बड़ा इंतजाम कर रही है। इसी कारण साय को कांग्रेस में आते ही बड़ा पद दिया जा रहा है।

कुछ समय बाद ही विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो जाएगी, ऐसे में कांग्रेस आदिवासी क्षेत्रों में साय का भरपूर उपयोग करेगी। साय ने भाजपा से इस्तीफा देकर 1 मई को ही कांग्रेस का दामन थामा है। कांग्रेस में आते ही सरकार ने साय को हाथों हाथ लिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हर बड़े कार्यक्रम में साय नजर आ रहे हैं। साय भाजपा में तीन बार के सांसद और तीन बार के विधायक हैं।

वे अविभाजित मध्य प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष रहने के अलावा छत्तीसगढ़ के प्रथम नेता प्रतिपक्ष भी रहे हैं। भाजपा में कथित उपेक्षा से नाराज होकर उन्होंने पार्टी छोड़ी है। साय भाजपा में जब तक रहे, वे पार्टी के सबसे बड़े आदिवासी चेहरे के तौर पर देखे जाते थे। लेकिन कुछ समय से वे पार्टी में अपने स्थान को लेकर नाराज चल रहे थे। आदिवासियों के आरक्षण को लेकर अपने निवास के नजदीक जेल रोड पर जब साय धरने पर बैठे थे तब भाजपा के तमाम नेताओं ने उनसे दूरी बना ली थी। साय अकेले धरने में बैठे रहते थे।

उसी समय से साय और भाजपा के बीच दूरियां बढ़ती चली गई थीं। साय के कांग्रेस में जाने से कांग्रेस के पास भाजपा पर हमले के लिए एक राजनैतिक कारण भी होगा। कांग्रेस लगातार इस बात को प्रचारित भी करेगी कि भाजपा में आदिवासियों का सम्मान नहीं है। हालांकि भाजपा की ओर से भी साय के जवाब में कांग्रेस के कुछ नेताओं को लाने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन अभी ये केवल बयानों तक ही सीमित है।

liveindia24x7
Author: liveindia24x7