Live India24x7

रायसेन जिले को मिली 748 करोड़ रू के विकास कार्यो की सौगात

 

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वर्चुअली किया विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा भूमिपूजन

स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी तथा सिलवानी विधायक श्री सिंह के मुख्य आतिथ्य में रायसेन में मनाया गया विकास उत्सव

 

रायसेन l रायसेन स्थित वन परिसर में जिला स्तरीय विकास उत्सव कार्यक्रम स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी तथा केबीनेट मंत्री दर्जा प्राप्त सिलवानी विधायक श्री रामपाल सिंह के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्यापूजन और दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा रवींद्र भवन, भोपाल में आयोजित ₹53,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का प्रदेश-स्तरीय भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम का रायसेन वन परिसर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा नागरिकों द्वारा लाईव प्रसारण देखा गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भोपाल में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में रायसेन जिले के लिए 748 करोड़ 66 लाख 84 हजार रू लागत की कुल 97 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सांची विधानसभा सहित सम्पूर्ण जिले को विकास की अनेकों सौगाते दी हैं। जिससे रायसेन जिले के विकास को गति मिलेगी और नागरिकों के लिए भी उन्नति और आर्थिक समृद्धि के नवीन द्वार खुलेंगे। रायसेन जिले को बुधवार को मेडीकल कॉलेज की सौगात मिली है जो कि 750 करोड़ रू से बनाया जाएगा। इसके अलावा आज मुख्यमंत्री द्वारा 748 करोड़ रू लागत की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सांची विधानसभा और रायसेन जिला विकास के मामले में पहले स्थान पर रहे, इसके लिए वह लगातार काम कर रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने अपने संबोधन में सांची विधानसभा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यो और सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख भी किया।

केबीनेट मंत्री दर्जा प्राप्त सिलवानी विधायक श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी और लोकप्रिय मुख्यमंत्री और बहनों के लाड़ले भैया श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में चहुॅओर विकास की गंगा बह रही है। मुख्यमंत्री श्री चौहान बेटा-बेटी, युवा, किसान, महिला, वृद्ध सभी की चिंता करते हैं। उन्होंने इन सभी के कल्याण और आर्थिक उन्नति के लिए अनेकों योजनाएं चलाई हैं। विधायक श्री सिंह ने मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी, सीखो-कमाओ, किसान कल्याण योजना, लाड़ली बहना योजना सहित अनेक योजनाओं का उल्लेख किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा तथा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अरविंद दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि आज जिले में 748 करोड़ 66 लाख 84 हजार रू के विभिन्न कार्यो का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया है। इनमें 38 करोड़ 65 लाख 47 हजार रू लागत की 14 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया है तथा 710 करोड़ एक लाख 37 हजार रू लागत की 83 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। उन्होंने विभागवार विकास कार्यो की जानकारी देते हुए बताया कि जल संसाधन विभाग की 45 करोड़ 43 लाख रू लागत की पांच विकास परियोजनाओं, नगरीय प्रशासन विभाग की एक करोड़ 73 लाख रू लागत की 28 विकास परियोजनाओं, मप्र पर्यटन विभाग की 39 करोड़ 31 लाख रू लागत की एक विकास परियोजना, मप्र जल निगम की 599 करोड़ 88 लाख 70 हजार रू लागत की चार विकास परियोजनाओं, लोक निर्माण विभाग की 38 करोड़ 97 लाख 45 हजार रू लागत की 10 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया गया।

इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग की चार करोड़ 80 लाख 89 हजार रू लागत की 12 विकास परियोजनाओं, पीएचई विभाग की 18 करोड़ 75 लाख 52 हजार रू लागत की 35 विकास परियोजनाओं, राज्य शिक्षा केन्द्र की एक करोड़ 55 लाख रू की एक विकास परियोजना तथा तकनीकी शिक्षा विभाग की एक करोड़ 55 लाख रू की एक विकास परियोजना का लोकार्पण/शिलान्यास किया गया। इनके अतिरिक्त नगर पालिका रायसेन में अमृत 2.0 के तहत लगभग 10 करोड़ रू लागत के तीन कार्यो का भी शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री विकास शहवाल, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंजू भदौरिया सहित अनेक अधिकारी, लाड़ली बहनें और नागरिक उपस्थित रहे।

 

मुख्यमंत्री ने ग्राम सुनारी निवासी लाड़ली बहना से किया संवाद

 

मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा रायसेन जिले के सांची जनपद के ग्राम सुनारी सलामतपुर निवासी लाड़ली बहना श्रीमती आरती राजपूत से वर्चुअली संवाद कर ग्राम में नल-जल योजना आने के बाद जीवन में आए बदलाव के बारे में पूछा गया। जिस पर श्रीमती आरती राजपूत ने बताया कि उनके ग्राम में समूह नल-जल योजना है। जिससे ग्राम के सभी घरों में टोंटी से पानी पहुंच रहा है। श्रीमती आरती राजपूत ने बताया कि पहले पानी के बहुत परेशानी होती थी। हैण्डपम्प और कुएं से पानी भरकर लाना पड़ता था, जिसमें तीन-चार घण्टे लगते थे। समूह नल जल योजना आने के बाद अब घर पर ही नल से जल आ रहा है। इससे पानी के लिए लाईन में लगने और फिर घर तक लाने की समस्या दूर होने के साथ ही समय भी बच रहा है।

पीआरओ/स0क्र0 22/10-2023

liveindia24x7
Author: liveindia24x7